महिला प्रीमियर लीग 2024 का दूसरा सीज़न शुक्रवार को बेंगलुरु के एम चिन्नास्वामी स्टेडियम में शुरू हो रहा है। हरमनप्रीत कौर की अगुवाई में डिफेंडिंग चैंपियन मुंबई इंडियंस की टीम WPL 2024 के पहले मुकाबले में पिछले साल की उपविजेता टीम दिल्ली कैपिटल्स से भिड़ेगी।
23 फरवरी से 17 मार्च तक आयोजित होने वाले WPL 2024 में कुल 22 मैच खेले जाएंगे। इस महिला T20 लीग में पिछले संस्करण की तरह इस साल भी पांच टीमें खिताब के लिए अपनी दावेदारी पेश करेंगी।
सभी WPL 2024 मैचों की लाइव स्ट्रीमिंग की जाएगी और भारत में टीवी चैनलों पर लाइव उपलब्ध होंगे।
पहले चरण के दौरान 23 फरवरी से 4 मार्च तक बेंगलुरु के एम चिन्नास्वामी स्टेडियम में 11 मैच खेले जाएंगे, जबकि बाकी 11 मैच 5 से 17 मार्च तक नई दिल्ली के अरुण जेटली स्टेडियम में आयोजित किए जाएंगे। टूर्नामेंट का फाइनल मुकाबला 17 मार्च को दिल्ली में खेला जाएगा।
डिफेंडिंग चैंपियन मुंबई इंडियंस और पिछले साल की उपविजेता दिल्ली कैपिटल्स के अलावा गुजरात जायंट्स, रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर और यूपी वॉरियर्स की टीम खिताब के लिए ज़ोर-आज़माइश करते हुए दिखाई देंगी।
वूमेंस प्रीमियर लीग 2024 में दुनिया भर की शीर्ष महिला क्रिकेटर जैसे मेग लैनिंग, एलिस पेरी, बेथ मूनी (ऑस्ट्रेलिया), केट क्रॉस (इंग्लैंड), सोफी डिवाइन, अमेलिया केर (न्यूजीलैंड), नादिन डी क्लार्क (दक्षिण अफ्रीका) और हेली मैथ्यूज (वेस्टइंडीज) एक्शन में नज़र आएंगी।
भारतीय खिलाड़ियों की अगर बात करें तो भारतीय T20 क्रिकेट टीम और एमआई की कप्तान हरमनप्रीत कौर, रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर की कप्तान स्मृति मंधाना, जेमिमा रोड्रिग्स, शेफाली वर्मा, शिखा पांडे, ऋचा घोष और दीप्ति शर्मा जैसे नाम शामिल हैं।
उद्घाटन महिला प्रीमियर लीग 2023 में, मुंबई इंडियंस ने फाइनल मुकाबले में दिल्ली कैपिटल्स को हराकर खिताब जीता था। WPL के पहले संस्करण में मेग लैनिंग ने सबसे ज्यादा 345 रन बनाकर ऑरेंज कैप हासिल की थी, जबकि मुंबई इंडियंस की हेली मैथ्यूज के 16 विकेटों ने उन्हें पर्पल कैप दिलाई थी।
वहीं, मुंबई इंडियंस की कप्तान हरमनप्रीत कौर भारतीय खिलाड़ियों में से सबसे अधिक रन (281) बनाने वाली बल्लेबाज थीं। जबकि शिखा पांडे ने टूर्नामेंट में 10 विकेट हासिल किए थे।
हालांकि, सभी की निगाहें रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर पर होंगी, जिन्होंने दिसंबर 2023 में आयोजित WPL मिनी ऑक्शन के दौरान सात खिलाड़ियों को खरीदा था। पिछले संस्करण में अंक तालिका में चौथे स्थान पर रहने वाली आरसीबी की टीम की नज़रें इस सीज़न अच्छा प्रदर्शन करने पर होंगी।
भारत में महिला प्रीमियर लीग 2024 को लाइव कहां देखें
महिला प्रीमियर लीग 2024 मैचों की लाइव स्ट्रीमिंग जियो सिनेमा पर होगी। WPL 2024 मैचों का भारत में स्पोर्ट्स18 और स्पोर्ट्स18 एचडी टीवी चैनलों पर सीधा प्रसारण किया जाएगा।
वूमेंस प्रीमियर लीग 2024 में कोई डबल हेडर मुकाबला नहीं होगा, हर रोज़ एक मैच होगा और सभी मैच भारतीय समयानुसार शाम 7.30 बजे (IST) से शुरू होंगे।